Breaking News

8 महीने बाद कोरोना के नए केस 11 हजार पार:24 घंटे में 11,109 मामले सामने आए, 29 मौतें; एक्टिव केस 50 हजार के करीब



13 दिनों में एक्टिव केस की संख्या करीब 3 गुना बढ़ी है। 1 अप्रैल को 18389 केस आए थे। वहीं 13 अप्रैल को 49622 केस आए हैं।

देश में 7 महीने 24 दिन बाद कोरोना के नए केस 11 हजार के पार हो गए हैं। बीते 24 घंटे में संक्रमण के 11 हजार 109 मामले सामने आए हैं, जबकि 29 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले पिछले साल 20 अगस्त को 11 हजार 539 केस मिले थे। तब

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, देश में फिलहाल एक्टिव केस बढ़कर 49 हजार 622 हो गए हैं। इससे पहले पिछले साल 5 सितंबर को 49 हजार से ज्यादा एक्टिव केस थे। इसके अलावा डेली पॉजीटिविटी रेट 4.42% और वीकली रेट 4.02% पहुंच गया है। इसके अलावा रिकवरी रेट 98.70% है। वहीं, मृत्यु दर 1.19% दर्ज की गई।

देश में कोरोना अंतिम दौर में
भारत में कोरोना अब अंतिम दौर में है। अगले 10 से 12 दिनों तक केस और बढ़ेंगे, उसके बाद कम होने लगेंगे। वर्तमान में भले ही मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन अस्पताल में एडमिट मरीजों की संख्या कम है, आगे भी ऐसा ही होने की उम्मीद है।

न्यूज एजेंसी PTI के आधिकारिक सूत्रों से बुधवार को यह जानकारी मिली है। इसके मुताबिक अभी कोविड मामलों में जो वृद्धि हो रही है वह XBB.1.16 के कारण हो रही है, जो ओमिक्रॉन का सब वैरिएंट है। इस साल फरवरी में XBB.1.16 के केस 21.6 पर्सेंट थे जो अब मार्च में बढ़कर 35.8 पर्सेंट हो गए हैं।

लखनऊ में स्कूल, दफ्तर, रेलवे स्टेशन पर मास्क को अनिवार्य किया गया

उत्तर प्रदेश में भी कोरोना के केसेस तेजी से बढ़ रहे हैं। लखनऊ में 7 महीने बाद बुधवार को एक दिन में 97 पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके बाद प्रशासन ने नई कोरोना गाइडलाइन जारी कर दी। इसमें स्कूल, दफ्तर, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और पब्लिक प्लेस पर मास्क को अनिवार्य कर दिया गया है।

यूपी में बुधवार को 24 घंटे में 446 नए मरीज सामने आए
यूपी में बुधवार को 24 घंटे में 446 नए मरीज सामने आए। वहीं, 149 मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या 1791 पहुंच गई। पॉजिटिविटी रेट 1.63% है। सबसे ज्यादा मरीज राजधानी लखनऊ में हैं। सितंबर-2022 के बाद राजधानी में 97 केस सामने आए हैं।

प्रदेश में बढ़ते कोरोना के चलते CM योगी ने लोक भवन में सीनियर अधिकारियों के साथ मीटिंग की। उन्होंने मंगलवार को कोरोना को लेकर हुई मॉक ड्रिल की समीक्षा की। अफसरों को किसी भी हालात से निपटने के लिए तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

टॉप-5 राज्यों में 66% से ज्यादा नए केस, केरल सबसे आगे

देश में बुधवार को 10,158 नए कोरोना मरीज मिले। इनमें से 6,768 केस सिर्फ 5 राज्यों में मिले। ये कुल आंकड़ों का 66.6% है।

केरल: यहां 3420 नए केस मिले, 1802 लोग ठीक हुए, जबकि 5 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल यहां 16,308 एक्टिव केस हैं। यहां बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।

दिल्ली: यहां बुधवार को 1149 नए केस आए और एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। 677 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। यहां पॉजिटिविटी रेट 23.8% हो गया है, जबकि एक्टिव केस 2,876 हो गए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस बात का कोई संकेत नहीं है कि ओमिक्रॉन वैरिएंट XBB.1.16 बच्चों में गंभीर संक्रमण का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि कोविड का यह वैरिएंट खतरनाक नहीं है, यह सामान्य फ्लू की तरह है।

यह फैलने वाला है लेकिन इससे बहुत ज्यादा दिक्कत नहीं होगी। हम देख रहे हैं कि फिलहाल दिल्ली में यह ट्रेंड चल रहा है और बढ़ रहा है, लेकिन कुछ दिनों में यह वेव कम हो जाएगी।

महाराष्ट्र: बुधवार को यहां 1115 नए के आए वहीं 9 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को यहां 919 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 6.78% है और 5421 एक्टिव केस हैं।

हरियाणा: यहां बुधवार को 642 नए केस सामने आए और 364 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 2427 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 6.64% हो गया है। यहां भी मास्क अनिवार्य कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश: यहां बीते दिन 442 नए केस मिले और 149 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 1791 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 0.89% है।

बाकी राज्यों का हाल भी जान लीजिए...

छत्तीसगढ़ में कोरोना के 326 नए मरीज मिले, अब एक्टिव केस 994
छत्तीसगढ़ में फिर एक बार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटों में 4381 सैंपलों की जांच की गई, जिनमें 326 नए केस मिले हैं। जिसके बाद अब एक्टिव मरीजों की संख्या 994 हो गई है। पॉजिटिविटी दर 7.44 फीसदी पहुंच गई है।

बिहार में 57 नए केस मिले, एक्टिव मरीजों की संख्या 236 हुई
बिहार में बुधवार को सबसे ज्यादा 57 कोरोना मरीज मिले हैं। इसमें सिर्फ पटना से 34 नए केस हैं। मंगलवार को राज्य में 52 और पटना में 29 लोग संक्रमित मिले थे। अब राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 236 हो गई है। इसमें पटना में 128 हैं।

झारखंड में कोरोना मरीजों की संख्या 100 के पार, 24 घंटे में 27 नए मरीज मिले
झारखंड में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। 24 घंटे में राज्य में 27 नए मरीज मिले हैं। इसके चलते राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 124 तक पहुंच गया।

0 Comments

Advertisement

Type and hit Enter to search

Close